बागेश्वर। जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. सत्यप्रकाश त्रिपाठी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। सोमवार को उनकी कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। संज्ञान में आया है कि उन्होंने कोरोना का टीका ही नहीं लगवाया है। दूसरी ओर मंगलवार को जिले में कोरोना संक्रमण के आठ नए मामले सामने आए।
सोमवार को सीएमएस डॉ. त्रिपाठी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बीडी जोशी ने बताया कि वह होम आइसोलेशन में हैं। उनके संपर्क में आए लोगों के सैंपल लिए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जहां तक उनके संज्ञान में है, डॉ. त्रिपाठी ने कोविड का टीका नहीं लगवाया है। सीएमएस का फोन भी रिसीव नहीं हो रहा है। संवाददाता ने भी सीएमएस त्रिपाठी का पक्ष लेने के लिए कई बार फोन करने की कोशिश की, लेकिन उनका फोन ही नहीं उठा। वर्तमान में 33 कोरोना संक्रमितों का कोविड अस्पताल में इलाज चल रहा है। मंगलवार को 492 लोगों के सैंपल जांच को भेजे गए। चार लोगों को ठीक होने के बाद डिस्चार्ज किया गया।