उत्तरायणी मेले के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम मची हुई है। रविवार रात स्टार कलाकार पवन दीप के गीत मेरे रसके कमर...पर वहां मौजूद सभी दर्शक झूम उठे। बागनाथ नगरी में कुमाऊंनी, गढ़वाली और हिंदी के गीतों के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। दोपहर में सुहावने मौसम और रात में पड़ रही कड़ाके की ठंड के बावजूद मेलार्थी मेले में आयोजित रंगारंग कार्यक्रमों का देर रात तक लुत्फ उठा रहे हैं।
उत्तरायणी मेले के मुख्य मंच पर रविवार रात स्टार कलाकार पवनदीप और उनकी टीम का कार्यक्रम हुआ। पवनदीप ने अच्छा चलता हूं दुआओं में याद रखना..., प्यारी जन्म भूमि मेरो पहाड़..., फूल फूलैय्या फूल की डाली..., दीपा धामी ने हा तेरी रेशमी रूमाला..., बेड़ू पाको बारो मासा...,नेहा खंकरियाल ने मन मेरा सजन आयो रे, जग घूमिया, ये मेरा दिल प्यार का दीवाना..., घास काटूला इजू ऊंचा डाना... समेत कई गीतोें की प्रस्तुति दी। संचालन जयंत भाकुनी ने किया। वहां नगर पंचायत अध्यक्ष गीता रावल, भुवन कांडपाल, रघुवीर दफौटी, जगदीश जोशी, ललित तिवारी, मनोज कपकोटी, तारा साह, एसडीएम एसएस राणा आदि थे। मंच पर स्थानीय कलाकारों, स्कूली बच्चों, सूचना और संस्कृति विभाग के कलाकारों ने कार्यक्रम पेशकर सभी का मन मोह लिया।