ग्राम उदय से भारत उदय अभियान की सफलता के लिए डीएम भूपाल सिंह मनराल की अध्यक्षता में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। साथ ही जिला व ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को अभियान की सफलता के लिए दायित्व सौंपे गए।
शासन से मिले निर्देशों के तहत विकासखंड वार नोडल अधिकारी नामित किए गए। इसमें बागेश्वर ब्लॉक के लिए डीडीओ महेश कुमार, गरुड़ में जिला कृषि अधिकारी विजय प्रकाश मौर्य, कपकोट के लिए जिला उद्यान अधिकारी तेजपाल सिंह को नामित किया गया। डीएम ने कहा कि 14 से 16 अप्रैल तक सामाजिक समरसता संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसके तहत सभी ग्राम पंचायतों में डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके जीवन पर प्रकाश डाला जाएगा। गांव में सामाजिक समरसता व राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने के लिए शपथ ली जाएगी। ग्राम पंचायतों में गोष्ठी का आयोजन कर एससी/एसटी के लोगों की अधिक से अधिक भागीदारी का प्रयास किया जाएगा। तय किया गया कि 17 से 20 अप्रैल तक न्याय पंचायत स्तर पर किसान गोष्ठी आयोजित की जाएंगी। इनमें कृषि, उद्यान क्षेत्र में संचालित योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
कृषि यंत्र, बीज, खाद का वितरण भी किया जाएगा। 21 से 24 अप्रैल तक गांवों में स्कूली बच्चों के सहयोग से प्रभात फेरी आयोजित की जाएगी। इसका दायित्व सीईओ को सौंपा गया। युवा कल्याण अधिकारी को खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में एडीएम एसएस जंगपांगी, डीडीओ डॉ. महेश कुमार, जिला पंचायतीराज अधिकारी पूनम पाठक, जिला समाज कल्याण अधिकारी पीबी सिंह आदि मौजूद थे।