बागेश्वर। जिले में बदलते मौसम के उतार-चढ़ाव के साथ ही अब संक्रामक बीमारियों ने पैर पसारना शुरू कर दिया है। जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण अंचलों में तापमान बढ़ने के साथ ही खसरा के मरीज सामने आने लगे हैं। जिला अस्पताल की ओपीडी में खसरा के लक्षणों वाले दो संदिग्ध मरीजों के मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग सर्तक हो गया है। चिकित्सकों की टीम ने संदेह के आधार पर दोनों मरीजों को ट्रेस कर लिया है।
जिला अस्पताल में सीएमएस डॉ. तपन शर्मा के निर्देश पर अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। चिकित्सक डॉ. डीपी शुक्ला ने बताया कि दोनों मरीजों में तेज बुखार के साथ शरीर पर लाल चकत्ते और दाने उभरने जैसे खसरे के प्राथमिक लक्षण पाए गए हैं। संदिग्धों को ट्रेस करने के बाद अब उनके ब्लड सैंपल लेकर आगे की जांच के लिए लैब भेजे जा रहे हैं ताकि बीमारी की आधिकारिक पुष्टि हो सके। पीड़ित मरीजों के परिजनों और आसपास के संपर्क में आए लोगों की भी निगरानी की जा रही है, क्योंकि खसरा एक अत्यधिक संक्रामक वायरस जनित बीमारी है जो खांसने और छींकने से तेजी से फैलती है।
यदि किसी भी बच्चे या व्यक्ति को तेज बुखार, आंखों में लाली, खांसी और शरीर पर लाल दाने होने की शिकायत हो, तो उसे तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र लाएं। अपने बच्चों का खसरा-रूबेला का टीकाकरण अवश्य पूरा करवाएं। - डॉ. कुमार आदित्य तिवारी, सीएमओ बागेश्वर