बागेश्वर। महाशिवरात्रि पर जिले के शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ा। नगर के बागनाथ मंदिर और नीलेश्वर महादेव मंदिर में भक्तों ने पूजा अर्चना की। सुबह से लेकर शाम तक मंदिर भक्तों से गुलजार रहे। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से सुख, समृद्धि और सौभाग्य का आशीर्वाद मांगा।
महाशिवरात्रि पर्व पर सुबह से ही बागनाथ मंदिर में लोग उमड़ने लगे। भक्तों ने सरयू नदी के पावन जल में स्नान कर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। अक्षत, रोली, चंदन, बेलपत्र से बाबा की पूजा अर्चना की। पूजा अर्चना के लिए भक्तों को लाइन लगाकर बारी का इंतजार करना पड़ा। मंदिर परिसर में पुरोहितों ने भक्तों की पूजा संपन्न कराई। अशुभ ग्रहों के शमन और शिव कृपा पाने के लिए भक्तों ने कालसर्प पूजा, शिवार्चन और रुद्राभिषेक भी करवाए। पंडित प्रकाश कांडपाल ने बताया कि शिवरात्रि पर्व पर नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों के भक्तों ने आकर भी मंदिर में पूजा संपन्न कराई। कहा कि शिवरात्रि के पर्व पर भगवान शिव की विशेष पूजा करने का विधान है। इस दिन मनोयोग से पूजा करने पर भोलेनाथ की विशेष कृपा प्राप्त होती है।
बागनाथ मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष नंदन सिंह रावल ने बताया कि पिछले साल कोरोना के कारण मंदिर बंद थे। अब मंदिर खुलने के बाद से नए साल में भक्त भारी संख्या में पूजा को आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि समिति के अनुरोध पर मंदिर परिसर में पुलिस की तैनाती की गई थी। पुलिस के सहयोग से निर्विघ्न रूप से पूजा संपन्न कराने में मदद मिली।
शिवरात्रि पर्व पर नगर की नीलेश्वर पहाड़ी पर स्थित नीलेश्वर महादेव मंदिर में भी पूजा अर्चना की जाती है। भक्तों ने बाबा बागनाथ की पूजा के बाद नीलेश्वर मंदिर कर रुख किया। ज्यों-ज्यों दिन चढ़ने लगा, मंदिर में भक्तों की भीड़ भी बढ़ने लगी। अधिक संख्या होने के कारण मंदिर से पहाड़ी के नीचे की ओर लंबी लाइन लग गई। भक्तों ने पूरे संयम के साथ लाइन में लगकर बारी का इंतजार किया और अपना नंबर आने पर भगवान शिव की पूजा संपन्न कराई।
अन्य तहसीलों में भी शिवमय रहा माहौल
बागेश्वर। महाशिवरात्रि पर्व पर जिले की कपकोट, कांडा, दुग नाकुरी, काफलीगैर, गरुड़ तहसीलों में भी माहौल शिवमय रहा। भक्तों ने शिव मंदिरों में जाकर भगवान शंकर का जलाभिषेक किया। विधिवत पूजा अर्चना कर भगवान से सुुख और सौभाग्य का आशीर्वाद मांगा। मंदिरों में पूजा अर्चना से पुरोहितों के चेहरों पर भी रौनक रही। ग्रामीण क्षेत्रों के मंदिरों में भजन कीर्तन भी आयोजित किए गए।
बाजार में रही भीड़, जमकर बिके तरुड़ और बेर
बागेश्वर। शिवरात्रि पर्व पर भगवान बागनाथ की नगरी बागेश्वर में काफी भीड़-भाड़ रही। लोगों ने बाजारों में खूब खरीदारी की। शिवरात्रि के व्रत के लिए बेर और तरुड़ (कंदमूल) खरीदे। बेर 50 से 60 रुपये किलो तो तरुड़ 100 से 120 रुपये किलो बिके।