बागेश्वर। बागेश्वर नगर की विकास भवन रोड में अग्निकुंड के पास दुकान के भीतर हीटर सेंक रहे बुजुर्ग व्यापारी की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना का पता तब चला जब व्यापारी का पुत्र व्यापारी को खाना देने के लिए आया। मृतक व्यापारी सीआरपीएफ का रिटायर्ड जवान था।
विकास भवन रोड पर अग्नि कुंड के समीप किशन सिंह रावत (73) पुत्र भवान सिंह रावत निवासी मेहनरबुंगा (बागेश्वर) की परचून की दुकान थी। बुजुर्ग व्यापारी दुकान के भीतर ही सोते थे। बृहस्पतिवार रात करीब 9:00 बजे बुजुर्ग का पुत्र घर से खाना देने के लिए दुकान पर आया तो दुकान के भीतर से धुआं आ रहा था, दुकान भीतर से बंद थी। इसकी सूचना 112 डायल नंबर पर दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दुकान का दरवाजा तोड़ा। दुकान के भीतर धुआं भरा हुआ था। मांस जलने की बदबू आ रही थी। दुकान के भीतर बुजुर्ग बुरी तरह से झुलसे हुए थे। पैर के पास हीटर पड़ा था। पुलिस शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया। अस्पताल प्रशासन ने शव को डी फ्रीज में रखवा दिया है। शव का शुक्रवार को पोस्टमार्टम होगा।
शहर कोतवाल कैलाश सिंह नेगी ने बताया कि हीटर की करंट की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत होने का अंदेशा है। करंट से दुकान में आग नहीं लगी। धुआं बुजुर्ग के कपड़े और शरीर जलने से आ रहा था। घटना पर से विस्तृत पर्दा जांच के बाद हटेगा। पुलिस का यह भी कहना है कि बुजुर्ग व्यापारी शराब पीने का आदी था।