बागेश्वर। झिरौली थानांतर्गत करालापालड़ी गांव में एक युवक ने बुजुर्ग पर बड़ियाठ (धारदार हथियार) से हमला कर घायल कर दिया। पुलिस ने हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है।
करालापालड़ी गांव में मंगलवार सुबह गांव के खगौत सिंह (60) अपने पालतू कुत्ते को घुमाने के लिए ले जा रहे थे। सुबह करीब साढ़े छह बजे उनके पड़ोसी हिमांशु करायत (35) पुत्र विजय सिंह ने बुजुर्ग के सिर पर बड़ियाठ से हमला कर दिया। इससे वहां अफरातफरी मच गई। बुजुर्ग के सिर और हाथ बुरी तरह से जख्मी हो गया। परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर आए, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
बुजुर्ग के पुत्र ललित सिंह ने हमलावर के खिलाफ झिरौली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। थानाध्यक्ष मदन लाल ने बताया कि हमलावर को पुलिस ने सुबह ही गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ आईपीसी की धारा 307 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। बताया कि दोनों पड़ोस में रहते हैं। हमलावर युवक दिल्ली में नौकरी करता है। मार्च महीने में ही घर आया है। थानाध्यक्ष के अनुसार हमलावर ने बयान दिए हैं कि बुजुर्ग अक्सर झगड़ा करते थे। इससे तैश में आकर उसने बुजुर्ग पर हमला कर दिया।