बागेश्वर में अधिकारियों की बैठक लेते डीएम। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। डीएम विनीत कुमार ने जल संस्थान को गर्मियों में पानी की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने निर्माण कार्यों में पेयजल के इस्तेमाल पर हर हाल में रोक लगाने और पानी की पर्याप्त आपूर्ति के लिए टैंकरों की व्यवस्था करने के लिए कहा है।
शनिवार को जिला कार्यालय सभागार में हुई बैठक में डीएम ने कहा कि प्राथमिकता के आधार पर लोगों तक पानी पहुंचाया जाए। इस कार्य में कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गर्मियों में जिन जगहों पर पानी की कमी रहती है वहां टैंकरों से जलापूर्ति की जाए। यदि टैंकर आदि संबंधित कोई टेंडर प्रक्रिया है तो उसे समय पर पूरा कर लिया जाए। उन्होंने टैंकरों पर जीपीएस लगाने और 100 केएल से अधिक क्षमता वाले टैंकों की तीन माह में एक बार सफाई करने के लिए भी कहा। इस मौके पर जल संस्थान के इंजीनियरों ने बताया कि जिले में 28 ऐसे क्षेत्र चयनित हैं जहां गर्मियों में पानी के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाती है। बागेश्वर में 22, कपकोट में एक और गरुड़ में पांच क्षेत्र इसके दायरे में आते हैं। बैठक में सीडीओ डीडी पंत, एडीएम हेमंत कुमार वर्मा, ईई पेयजल निगम सीपीएस गंगवार आदि थे।