थोकदार स्मृति वन अणां कटा देवदार का पेड़
- फोटो : अमर उजाला
बैजनाथ रेंज के अणां के भवान सिंह थोकदार स्मृति वन में एक वन माफिया ने डेढ़ सौ साल पुराने देवदार के सूखे पेड़ पर आरी चला दी। ग्रामीणों और थोकदार के परिजनों की शिकायत पर वन विभाग ने मौके से तीन लाख रुपये की देवदार की लकड़ी बरामद कर ली है। ग्रामीणों ने डीएफओ से वन तस्कर को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ वन अधिनियम के अंतर्गत कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। डीएफओ का कहना है कि देवदार के पेड़ गिराने वाले आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैजनाथ रेंज के अणां के चीड़ के जंगल के पास थोकदार दिवान सिंह बिष्ट ने अपने पिता भवान सिंह बिष्ट की स्मृति में डेढ़ सौ साल पूर्व देवदार के दस पेड़ लगाए थे। इन पेड़ों ने अणां के धारिया जल स्रोत और गांव की शोभा बढ़ाई थी। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी आनंद कोहली निवासी ग्राम नौघर ने तीन दिन पूर्व जंगल से देवदार का एक सूखा पेड़ चुपके काट लिया। कटे पेड़ पर वन विभाग का घन लगा न देखकर थोकदार के परिजन, गांव के पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य आनंद बिष्ट, हरीश रावत, कुंदन सिंह रावत, ठाकुर सिंह रावत आदि ने डीएफओ से इसकी शिकायत की। डीएफओ आरके सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए वन रेंजर बैजनाथ को आरोपी द्वारा काटी गई लकड़ी को जब्त कर उसके खिलाफ वन संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
वन रेंजर बीएस बिष्ट ने मौके पर जाकर लकड़ी बरामद कर ली है। रेंजर का कहना है कि आनंद कोहली निवासी नौघर ने जुर्म कबूल लिया है। इधर रविवार को वन रक्षक सुरेश और वन विभाग की टीम ने काटी गई लकड़ी को रेंज आफिस ले आई। वन रेंजर बिष्ट ने बताया कि वन तस्कर द्वारा काटे गए पेड़ की लकड़ी का बाजार भाव तीन लाख से अधिक है। अणां के ग्रामीणों ने डीएफओ से लकड़ी की तस्करी में लिप्त आरोपी द्वारा पूर्व में काटे गए पेड़ों तुन के पेड़ों की जांच करने मांग की है। ग्रामीणों ने डीएफओ से आरोपी के घर में छिपाई गई लकड़ी को भी बरामद करने की मांग की है। इधर डीएफओ आरके सिंह ने बताया कि अणां के जंगल में देवदार का पेड़ काटने वाले आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने वन रेंजर बैजनाथ और एसीएफ बैजनाथ से मामले की गहराई से जांच करने को कहा है। इस मामले में आरोपी आनंद कोहली का कहना है कि देवदार का पेड़ सूखा होने कारण उसने इसे इमारती लकड़ी के काटा है।
राजस्व पुलिस भी करेगी अपने स्तर से मामले की जांच
गरुड़ (बागेश्वर) एसडीएम गरुड़ सुंदर सिंह का कहना है कि राजस्व पुलिस मामले की अपने स्तर से जांच करेगी। एसडीएम ने तहसील क्षेत्र के अंदर एक साल के अंदर कटे तुन के पेड़ों की जांच कानूनगो से करने को कहा है।
26जीआरडी 01अणां के जंगल में कटा देवदार का पेड़
काफी रमणीक है थोकदार स्मृति वन
गरुड़ (बागेश्वर)। वन रेंजर कार्य योजना वृत्त बागेश्वर अल्मोड़ा श्याम सिंह करायत का कहना है कि अणां के थोकदार स्मृति वन में देवदार के पेड़ों ने जंगल की शोभा बढ़ाई है। उन्होंने थोकदार स्मृति वन धारिया एक रमणीक और पिकनिक स्पॉट है। वन विभाग ने देवदार के पेड़ों के पास एक सुंदर तालाब बनाया है। इसके अलावा ग्रामीणों ने यहां शिव मंदिर बनाया है। वृक्ष प्रेमी दिनेश लोहनी ने देवदार का पेड़ काटने वाले तस्कर के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।