जिले में चल रही रसोई गैस की किल्लत कम होने का नाम नहीं ले रही है। शनिवार को गैस को लेकर भिटालगांव के उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। उपभोक्ताओं ने गैस के खाली सिलेंडरों के साथ विकास भवन के समीप प्रदर्शन किया। उन्होंने आपूर्ति शीघ्र सुचारु न होने पर आंदोलन की चेेतावनी दी।
भिटालगांव के उपभोक्ता रोज की तरह गैस भराने के लिए विकास भवन के पास जमा हुए। देर तक गैस का वाहन नहीं आने के आने से उनका गुस्सा फूट पड़ा।
उन्होंने विकास भवन के समीप खाली सिलेंडरों के साथ प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि गैस के लिए वह एक सप्ताह से निर्धारित स्थल पर आ रहे हैं, लेकिन गैस का वाहन न आने के कारण उन्हें निराश होकर लौटना पड़ रहा है।
गैस के चक्कर में उनकी दिनचर्या ही गड़बड़ा गई है। खाने बनाने के लिए बाजार में मिट्टीतेल भी नहीं मिल पा रहा है जबकि जंगल भी यहां से काफी दूर है।
प्रदर्शन करने वालों में मदन सिंह परिहार, विपिन जोशी, शंभू दत्त पांडे, हरीश चंद्र पंत, शेखर तिवारी, सुनीता दफौटी, आशा नगरकोटी, पूजा भाकुनी, बीडी जोशी, हेम तिवारी, बीना नगरकोटी आदि शामिल थे। इधर रसोई गैस के स्थानीय प्रबंधक जीएस बाफिला ने बताया कि मोटाहल्दू हल्द्वानी स्थित प्लांट से ही गैस की आपूर्ति कम हो रही है।