बिजली बिल जमा कराने के लिए बागेश्वर में लगी लंबी कतार
बागेश्वर। यूपीसीएल में बिजली का बिल जमा करने आए ग्राहकों को अव्यवस्थाओं का सामना करना पड़ा। सुबह नौ बजे से ग्राहक काउंटर खुलने का इंतजार करते रहे। दस बजे केवल एक ही काउंटर खोला गया। 11 बजे तक 45 के करीब ग्राहक अपनी बारी का इंतजार करते रहे, लेकिन एक घंटा बीत जाने के बाद भी उनका नंबर नहीं आया। जब ग्राहक गुस्साए तब जाकर दूसरा काउंटर खोला गया।
गर्मी में लंबी कतार में खड़े होने के कारण कई बुजुर्गाें को दिक्कताें का सामना करना पड़ा। ग्राहकों ने सीनियर सिटिजन के लिए अलग काउंटर खोलने की मांग की है। बिल जमा करने आने ग्राहक दीप जोशी निवासी मजखेत ने कहा कि बिल जमा करने के लिए तीनों काउंटर खोले जाने चाहिए। इसमें से महिला, पुरुष और सीनियर सिटीजन का अलग-अलग काउंटर बनाया जाना चाहिए।
सीनियर सिटिजन दान सिंह, हीरा बल्लभ, नंदन सिंह ने बताया कि बीते दो घंटे से उनका नंबर नहीं आया है। लाइन में खड़े होकर चक्कर आ रहे हैं। महिला पार्वती देवी, सोनू देवी ने बताया कि घर के काम छोड़कर सुबह-सुबह बिल जमा करने आए थे लेकिन यहां उन्हें भीड़ और अव्यवस्थाओं का सामना करना पड़ा। बिजली बिल जमा करने के शुरुआती दिनों में 150 से 200 के करीब ग्राहक रोजाना बिजली बिल जमा करने पहुंचते है। सामान्य दिनों में भी दो काउंटर ही खोले जाते है। शुक्रवार को एक काउंटर का कर्मचारी अवकाश पर होने के कारण भी ग्राहकों को परेशानी उठानी पड़ी।
कोट
बिजली बिल जमा करने के दौरान साफ्टवेयर का सर्वर डाउन होने के कारण बिल जमा नहीं हो पाए। समस्या के हल के लिए वार्ता की गई है। आगे समस्या आने पर बिल मैनुअल तरीके से जमा किए जाएंगे।- पूजा पंत, एई, यूपीसीएल बागेश्वर।