ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध रूप से बिक रही शराब के विरोध में महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। महिलाओं ने महिला सम्मान रक्षक मंच के बैनर तले तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन कर नारेबाजी की। मंच ने एसडीएम कैलाश टोलिया को ज्ञापन सौंपा। जिसमें शराब तस्करों को पकड़कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
महिला सम्मान रक्षक मंच के बैनर तले महिलाएं नारेबाजी करती हुई भराड़ी से कपकोट बाजार होते हुए तहसील मुख्यालय पहुंचीं। यहां हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि लाइसेंसी शराब की दुकानों से गांवों में तस्करी हो रही है। जिसके चलते गांव का माहौल खराब हो रहा है। विरोध करने पर तस्कर धमका रहे हैं। नशेड़ियों के चलते जहां महिलाओं का अकेले में घर से निकलना मुश्किल हो गया है। वहीं बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
महिलाओं ने एसडीएम से शराब की अवैध बिक्री में लिप्त लोगों के खिलाफ जल्द कार्रवाई करने की मांग की। मांग पूरी न होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है। जुलूस में ग्राम प्रधान हंसा देवी, सरस्वती शाही, हीरा, सीता, कांति ऐठानी, दुर्गा ऐठानी, भावना, भगवती, तारा, हेमा, किरन, तुलसी आर्या, बसंती देवी आदि शामिल थे।