गरुड़ (बागेश्वर)। कत्यूर घाटी में शराब की दुकान के खिलाफ महिलाओं का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा है। बैजनाथ-बिनखोली मार्ग में अंग्रेजी शराब की दुकान खोलने के लिए रातों-रात बनाया गया टिनशेड महिलाओं ने तोड़ दिया। महिलाओं ने बैजनाथ तिराहे पर दो घंटे तक जाम भी लगाया। वहां पहुंचे सिपाही पर अभद्रता का आरोप लगाकर उसके निलंबन की मांग की गई। एसडीएम रिंकू बिष्ट के आश्वासन पर जाम खोला गया।
भकुनखोला के व्यक्ति ने एक महीने का राजस्व अधिभार जमा कर गरुड़ बाजार स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान ली थी। उसने शराब की दुकान खोलने के लिए सोमवार रात बैजनाथ बिनखोली मोटर मार्ग के किनारे टिनशेड लगा दिया था। इसकी भनक लगने पर बिनखोली, बैजनाथ, कोठों, मेलाडुंगरी, नौगांव, अयारतोली, चौरसों, रामपुर की महिलाएं सोमवार को हाथों में दरांती लेकर टिनशेड पर पहुंची।
उन्होंने टिनशेड गिराने के बाद बैजनाथ तिराहे पर चक्काजाम कर दिया। जाम में सैकड़ों वाहन दो घंटे तक फंस गए। बैजनाथ थाने के सिपाही नरेंद्र गिरी ने आंदोलित महिलाओं को समझाया तो सिपाही पर अभद्रता का आरोप लगा दिया गया। वहां हुई सभा में कहा कि इलाके में शराब की दुकान खोलने की भविष्य में कोशिश की तो आंदोलन को उग्र रूप दिया जाएगा।
महिलाओं ने सिपाही के निलंबन की मांग की। थानाध्यक्ष ने बताया कि सिपाही के खिलाफ कार्रवाई करने को एसपी को लिख दिया है। एसडीएम रिंकू बिष्ट के आश्वासन पर महिलाओं ने जाम खोला। वहां बिनखोली की प्रधान दया गोस्वामी, अयारतोली की प्रधान रेखा राणा, भगवती देवी, जिला पंचायत सदस्य गोदावरी आर्या, अनीता देवी गोस्वामी, पूर्व प्रमुख ज्येष्ठ उपप्रमुख दिगंबर नाथ गोस्वामी, भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष देवेंद्र गोस्वामी, मेलाडुंगरी के प्रधान बलवंत भंडारी, भाजपा नेता कंचन थायत, राधा, चंद्रा, नीमा आदि थे।