बागेश्वर। जिले में बीएसएनएल सेवा चरमरा गई है। ओएफसी लाइन कटने से ग्रामीण अंचलों में बीएसएनएल की ओर से संचालित होने वाले भारत नेट की सेवा ध्वस्त हो गई है। 50 से अधिक गांव के लोगों को इंटरनेट सुविधा का लाभ नहीं मिल रहा है। 30 विद्यालय, एक बैंक और करीब 20 निजी कनेक्शन बंद हैं। उपभोक्ताओं ने विभाग से जल्द संचार सुविधा दुरुस्त करने की मांग की।
बीएसएनएल की भारत नेट परियोजना का लाभ सभी तहसील क्षेत्रों के गांवों में मिल रहा है। एक नवंबर से जिले में ओफसी लाइन के कटने पर मरम्मत करने का काम नहीं हो रहा है। पिछले दस दिनों के दौरान खोली, गैराड़, पुरकोट, मनकोट, छाती, पंत क्वैराली, चौंरा, नायल, स्यालडोबा, सिमतोली, नौगांव, हड़बाड़, सकीड़ा, भोलनानाघर, जेठाई, बंगचूड़ी समेत जिले के कई गांवों में भारत नेट परियोजना ठप है। नायल के सहकारी बैंक में भी कामकाज बाधित है। इस कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं ने कहा कि बार-बार विभाग में शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। बीएसएनएल के महाप्रबंधक महेश निर्खुपा ने बताया कि एक नवंबर से ओफसी लाइन की देखरेख और मरम्मत की जिम्मेदारी नए ठेकेदार को मिल गई है। उसने अब तक कार्य नहीं संभाला है। खराब लाइन की मरम्मत के लिए अन्य जिलों से कर्मचारी भेजे जा रहे हैं।