बागेश्वर जिले के धपोली गांव में आए दिन तेंदुआ दिख रहा है। तेंदुए की धमक से ग्रामीण भयभीत हैं। ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन देकर तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगवाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि दहशत के कारण महिलाओं ने खेतों में जाना बंद कर दिया है।
बृहस्पतिवार को धपोली गांव में आबादी के समीप तेंदुए देखा गया। ग्रामीण गणेश धपोला ने उसकी वीडियो बना ली। ग्रामीणों के शोर शराबा करने पर तेंदुआ समीप की झाड़ियों में भाग गया। इससे पहले सोमवार को भी क्षेत्र में तेंदुए दिखाई दिया था। ग्रामीणों ने बताया कि तेंदुआ बीते चार दिनों से रोजाना गांव में दिख रहा है। ग्राम प्रशासक आनंद सिंह के नेतृत्व में एसडीएम को ज्ञापन देकर बताया कि तेंदुए के भय से लोगों के रोजमर्रा के कामकाज प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने गांव में पिंजरा लगाने की मांग की। इस मौके पर आनंद धपोला, दरवान सिंह, दयाल सिंह, कमला धपोला, रेवा धपोला, गोपा धपोला, चंद्रा धपोला आदि मौजूद रहे।
ट्रैप कैमरों से रखी जाएगी नजर : रेंजर
धरमघर के रेंजर प्रदीप कांडपाल ने बताया कि धपोली गांव में लगातार तेंदुए के दिखने की सूचना मिल रही है। विभाग ने गांव में ट्रैप कैमरे लगाने का निर्णय लिया है। बृहस्पतिवार को कैमरों के साथ टीम गांव भेजी गई है। चार-पांच कैमरे लगाकर तेंदुए की गतिविधि पर नजर रखी जाएगी।