वन रेंज क्षेत्र बैजनाथ के जिजोली गांव में आंगन में खेल रही मासूम को तेंदुए ने गंभीर रूप से घायल कर दिया। मासूम की हालत गंभीर देख अस्पताल के डाक्टरों ने बच्ची को उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है। वन विभाग ने मासूम के परिजनों को उपचार के लिए पांच हजार की तत्काल आर्थिक सहायता दी।
विकास खंड के जिजोली गांव की उमेश चंद्र जोशी की सात वर्षीय मासूम सोनिया बृहस्पतिवार की देर सांय घर के आंगन में खेल रही थी कि तेंदुए ने उसे पंजा मारकर घायल कर दिया। आपातकालीन सेवा की मदद से घायल सोनिया को उपचार के लिए सीएचसी बैजनाथ लाया गया। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य शिव सिंह बिष्ट ग्राम प्रधान जिजोली महेंद्र प्रताप सिंह वन रेंजर श्याम सिंह करायत सीएचसी बैजनाथ पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।