गरुड़ (बागेश्वर)। गरुड़ तहसील क्षेत्र अंतर्गत दर्शानी गांव में घर के पास घास लेने जा रही एक महिला पर झाड़ियों में घात लगाए बैठे तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया। महिला के हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाने पर तेंदुआ उसे छोड़कर जंगल की ओर भाग गया।
हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। शुक्रवार की देर शाम दर्शानी निवासी गीता पांडे (42) पत्नी मनोहर पांडे अपने घर के पास ही घास काटने जा रही थीं। इसी दौरान पहले से घात लगाकर बैठे तेंदुए ने उन पर छलांग लगा दी।
महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े जिसके बाद तेंदुआ जंगल की ओर बाग गया। परिजन और ग्रामीण तत्काल घायल महिला को उपचार के लिए सीएचसी बैजनाथ ले गए जहां डॉक्टरों ने उनके पैर में गहरे जख्मों पर टांके लगाए हैं।
फिलहाल महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना से दर्शानी और आसपास के इलाकों में खौफ का माहौल है।