वज्यूला रेंज कार्यालय में तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मी को तेंदुए ने हमला कर घायल कर दिया। घायल वन कर्मी का सीएचसी बैजनाथ में उपचार करने के बाद घर भेज दिया है। इस घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। लोगों ने तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है।
रविवार की शाम साढ़े सात बजे वज्यूला रेंज कार्यालय में तैनात कुलदीप कुमार जब रेंजर क्वार्टर से बाहर आए तो घात लगाकर बैठे तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। शोर मचाने पर तेंदुआ भाग गया। आसपास मौजूद लोग कुलदीप को सीएचसी ले गए। तेंदुए के हमले में कुलदीप के शरीर के कई हिस्सों में पंजों के गहरे निशान बने हैं।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद कुलदीप को छुट्टी दे दी गई है। क्षेत्रवासियों ने वन विभाग से आतंक का पर्याय बन चुके तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है।