बागेश्वर। बागेश्वर के विधायक चंदन राम दास ने विकास भवन में धरना देकर जिला और राज्य योजना में भाजपा विधायक, जिला पंचायत सदस्य और ब्लाक प्रमुखों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। दस दिन के भीतर जिला योजना 2016-17 की कार्ययोजना निरस्त न किए जाने पर फिर से धरने में बैठने की चेतावनी दी।
जिला और राज्य योजना में भाजपा विधायक, जिला पंचायत सदस्य और ब्लाक प्रमुखों की उपेक्षा किए जाने के विरोध में सोमवार को बागेश्वर के विधायक चंदन राम दास भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ विकास भवन पहुंचकर धरने में बैठ गए। विधायक दास ने कहा कि जिला योजना व राज्य योजना में उनके साथ ही भाजपा के जिला पंचायत सदस्यों व ब्लाक प्रमुखों की उपेक्षा की गई है। उन्होंने शासन प्रशासन से जिला और राज्य योजना की कार्ययोजना को निरस्त करने, लोनिवि द्वारा शासनादेश के विरुद्घ बनाई गई सूची निरस्त करने, पर्यटन विभाग द्वारा रखी गई योजनाएं शासनादेश के अनुसार बनाने की।
इस मौके पर पीआरडी के जवानों और उपनल कर्मियों को तत्काल मानदेय देने, लोनिवि की ओर से जिला योजना में प्रस्तावित योजनाओं का कार्य लोनिवि से ही कराने की मांग भी उठाई गई। मुख्य विकास अधिकारी एसएसएस पांगती ने सभी विभागों के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर वार्ता की। सीडीओ की ओर से उचित कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने पर विधायक ने धरना समाप्त किया। विधायक के साथ धरना देने वालों में पूर्व मंत्री बलवंत भौंर्याल, कपकोट के ब्लाक प्रमुख मनोहर राम, नगर पंचायत अध्यक्ष चंपा देवी, हीरा सिंह, खड़क टंगड़िया, गिरीश परिहार, मनोज ओली, भूपाल रौतेला, शिव सिंह बिष्ट, गोविंद टंगड़िया, खड़क दफौटी आदि बैठे।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवेंद्र परिहार ने विधायक के धरने को राजनीति से प्रेरित बताया। उनका कहना है कि जिला योजना जिला पंचायत सदस्यों की होती है। सभी जिला पंचायत सदस्यों के क्षेत्रों में विकास कार्य हो रहे हैं। अपने विधान सभा क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों से ही विधायक को क्यों आपत्ति है यह समझ से परे है। जिला पंचायत उपाध्यक्ष का कहना है कि जिला योजना में किसी भी जिला पंचायत सदस्य या ब्लाक प्रमुखों की उपेक्षा नहीं की गई है।