बागेश्वर। सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम के तहत जीआईसी सानीउडियार में समाज कल्याण विभाग की ओर से बहुउद्देश्यीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा आदि विभिन्न विभागों से संबंधित 50 शिकायतें मिलीं, जिनका निस्तारण संबंधित विभागीय अधिकारियों के माध्यम से मौके पर ही किया गया।
विधायक कपकोट ललित फर्स्वाण ने कहा कि बहुउद्देशीय शिविर का उद्देश्य सुविधाओं से वंचित ग्रामीणों को उनके द्वार पर जाकर सुविधाएं देना है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों से जनसमस्याओं का निराकरण प्राथमिकता से करने को कहा। उन्होंने निधि से जीआईसी सानिउडियार के लिए दो कंप्यूटर देने की घोषणा की।
वन पंचायत सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह टंगड़िया ने सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों को दिलाने को कहा। सीडीओ एसएसएस पांगती ने विभागीय अधिकारियों को जनसमस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए। डीडीओ डॉ. महेश कुमार ने विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। समाज कल्याण विभाग द्वारा गौरादेवी कन्याधन के आठ पात्र लाभार्थियों को 50-50 हजार के चेक बांटे।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा 77 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाईयां बांटी गई। 11 विकलांग प्रमाण पत्र निर्गत किए गए। राजस्व विभाग ने चार जाति प्रमाण पत्र, सात आय प्रमाण पत्र, 512 परिवार रजिस्टर की नकल जारी करते हुए 35 बीपीएल प्रमाण पत्र निर्गत किए। समाज कल्याण विभाग द्वारा वृद्धावस्था, विधवा, विकलांग आदि संचालित विभिन्न पेंशन योजनाओं के कुल 51 आवेदन पत्र बांटे।
सूचना एवं लोकसंपर्क विभाग ने सरकारी योजनाओं एवं नीतियों से संबंधित प्रचार साहित्य बांटा। वहां विधायक प्रतिनिधि वीरेंद्र नगरकोटी, जिपंस गोपाल राम, एसडीएम कांडा रेखा कोहली, समाज कल्याण अधिकारी एनएस गस्याल, महाप्रबंधक उद्योग बीसी पाठक, डीएफओ एमबी सिंह, सीएमओ संजय कुमार साह, सीवीओ उदय शंकर, सीईओ आरसी आर्या, तहसीलदार कांडा कृष्ण कुमार थे।