श्री रामलीला कमेटी बागेश्वर और भराड़ी में चल रही रामलीला में सोमवार की रात रावण द्वारा विभीषण को लात मारकर लंका से निकालने और लक्ष्मण शक्ति का खूबसूरत मंचन किया गया। दोनों स्थलों पर रामलीला देखने दर्शक देर रात तक जमे रहे।
नगर के नुमाईशखेत स्थित रामलीला भवन और भराड़ी की रामलीला में सोमवार की रात लक्ष्मण और मेघनाद युद्ध में मेघनाद द्वारा शक्ति का प्रयोग होने से उनके मूर्छित होने, हनुमान द्वारा सुषैण वैद्य को बुला लाने, बजरंग बली द्वारा हिमालय से संजीवनी बूटी लाने, सुषैण वैद्य द्वारा लक्ष्मण को दवा देकर होश में लाने, लक्ष्मण द्वारा मेघनाद का वध करने और राम द्वारा अंगद को दूत बनाकर रावण के पास लंका भेजने के दृश्य का मंचन किया गया। बागेश्वर में हनुमान की भूमिका रमेश तिवारी, रावण मनोज कांडपाल अंगद की भूमिका महेश तिवारी जबकि विभीषण की भूमिका भानु तिवारी ने निभाई।
उधर बाराही देवी रामलीला कमेटी भराड़ी की ओर से आयोजित रामलीला में राम की भूमिका भाष्कर जोशी, लक्ष्मण विवेक ऐठानी, सीता आयुष, रावण दीवान ऐठानी ने निभाई। मुख्य अतिथि पूर्व सीएम और नैनीताल के सांसद भगत सिंह कोश्यारी थे। उन्होंने कहा कि श्री राम के आदर्शों पर चलने से ही आदर्श समाज की स्थापना संभव है। रामलीला मंचन के हर अंश शिक्षाप्रद हैं। हास्य कलाकार लक्ष्मण सिंह ऐठानी ने अपनी कलाओं से दर्शकों को खूब गुदगुदाया। वहां पूर्व मंत्री बलवंत भौर्याल, पूर्व विधायक शेर सिंह ऐठानी, पूर्व जिपं अध्यक्ष विक्रम शाही, मुन्ना कपकोटी, ब्लॉक प्रमुख मनोहर राम, नगर पंचायत अध्यक्ष चंपा देवी, शेर सिंह ऐठानी और दीपूू ऐठानी आदि थे।