भेटा में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए सभी थानों की पुलिस फोर्स सोमवार की रात ही सानीउडियार क्षेत्र को रवाना हो गई। बागेश्वर कोतवाली भी केवल चार पुलिस जवानों के भरोसे रही। पुलिस जवानों की कमी का फायदा उपद्रवियों ने भी जमकर उठाया। नशे में धुत चार युवकों ने बागेश्वर-ताकुला रोड में राहगीरों और वाहन सवारों के साथ अभद्रता व मारपीट की।
मारपीट में घायल एक व्यक्ति की रिपोर्ट पर चारों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद जेल भेज दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार डोटियाल गांव निवासी पंकज सिंह रात को अपने वाहन से बागेश्वर से हल्द्वानी को जा रहा था। इसी दौरान हनुमान मंदिर के समीप दूसरे वाहन में सवार चार युवकों ने उसके वाहन को रोककर उसके साथ मारपीट कर दी। मारपीट में पंकज सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। पंकज सिंह ने कोतवाली पहुंचकर चारों के खिलाफ रिपोर्ट लिखाई। पुलिस ने मारपीट करने के आरोपी बबलू वर्मा, हरीश पांडेय, बलवंत सिंह, चंदन सिंह को रात में ही गिरफ्तार कर लिया।
एसआई एमसी पलड़िया ने बताया कि इन चारों युवकों ने नगर में राहगीरों के साथ भी मारपीट की थी। पंकज सिंह के साथ मारपीट करने के बाद बिलौना में भी एक अन्य युवक को पीटा। उन्होंने बताया कि चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।