हवलदार दिनेश गिरी को अंतिम सलामी देते सेना के जवान।
- फोटो : अमर उजाला
बगाल इंजीनियरिंग में तैनात बागेश्वर जिले के स्यूनी गांव निवासी हवलदार दिनेश गिरि का पार्थिव शरीर देर रात उनके पैतृक आवास पहुंचा। रविवार की सुबह पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।
मूल रूप से बागेश्वर के दुगनाकुरी तहसील के स्यूनी गांव निवासी दिनेश गोस्वामी (38) बंगाल इंजीनियरिंग में हिमाचल के पालमपुर में हवलदार के पद पर तैनात थे। वह अपने परिवार के साथ काशीपुर में रहते थे। छुट्टी में घर आए दिनेश की शुक्रवार की रात हार्ट अटैक से मौत हो गई।
शनिवार की देर रात काशीपुर में पोस्टमार्टम के बाद उनका शव सेना के वाहन से उनके पैतृक गांव स्यूनी लाया गया। रविवार की सुबह सैकड़ों लोगों ने उनके आवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि दी। सिग्नल रेजीमेंट कौसानी से आए जवानों ने जेसीओ संजय पटेल के नेतृत्व में उन्हें अंतिम सलामी दी।
इसके बाद उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। तहसील प्रशासन की ओर से तहसीलदार दयाल चंद्र टम्टा, ग्राम प्रधान तिलक गिरि गोस्वामी, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष दिनेश गढ़िया सहित तमाम लोगों ने मृतक हवलदार को श्रद्धांजलि दी। हवलदार दिनेश के अंतिम संस्कार में क्षेत्र के सैकड़ों लोग पहुंचे।
दिनेश अपने पीछे पिता हीरा गिरि गोस्वामी, माता मानुली देवी, पत्नी मुन्नी देवी और तीन बच्चों अनामिका, कृतिका, मयंक को रोता बिलखता छोड़ गए हैं।