कपकोट के हरसीला में भूस्खलन से खतरे में आया नैन सिंह कोरंगा का मकान। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर/कपकोट। शुरुआती बारिश में ही नुकसान का सिलसिला शुरू हो गया है। कपकोट के हरसिला में भूस्खलन से एक आवासीय मकान को खतरा हो गया है। दोफाड़ में एक व्यक्ति की जमीन में मलबा घुसने से गोशाला, पॉलीहाउस, मत्स्य तालाब को व्यापक नुकसान पहुंचा है। शनिवार को मलबा आने से कपकोट में चार और गरुड़ में एक सड़क में यातायात बाधित रहा। लगातार हो रही बारिश से सरयू का जलस्तर भी बढ़ गया है।
कपकोट के हरसिला (कुमगड़ी) में भूस्खलन से नैन सिंह कोरंगा के मकान को खतरा हो गया है। मकान तक भूस्खलन होने से परिवार भयभीत है। प्रभावित व्यक्ति ने मकान की सुरक्षा की गुहार लगाई है। ग्राम दोफाड़ निवासी चंचल सिंह की गोशाला, मुर्गीबाड़े, मत्स्य तालाब, पॉलीहाउस में मलबा घुसने से जबरदस्त नुकसान हुआ है। उन्होंने डीएम रंजना राजगुरु को ज्ञापन सौंपा। बताया कि रताईस मोटर मार्ग और निर्माणाधीन मोटर मार्ग का मलबा उनकी जमीन में घुस गया। बताया कि पहे भी मलबे से नुकसान होता रहा है लेकिन संबंधित विभाग सुरक्षा के कोई उपाय नहीं कर रहे हैं। जिला आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार शुक्रवार रात को कपकोट में 15 मिमी बारिश रिकार्ड की गई। मलबा गिरने से गरुड़-देना-चौधुड़ी, कपकोट-पोलिंग, शामा-लीती-गोगिना, कपकोट कर्मी, कपकोट-शामा-तेजम बंद हो गई। सड़कों में कई स्थानों में बड़े बोल्डर गिरे हैं। सड़कों को खोलने के लिए जेसीबी लगाई गई हैं।