कपकोट/बागेश्वर। कपकोट के बैड़ा-मझेड़ा सड़क के डामरीकरण के काम में बाहरी मजदूरों को लगाने पर क्षेत्र के लोग भड़क गए हैं। लोगों ने काम बंद करने के साथ ही मजदूरों की मेडिकल जांच करने की मांग की है।
बैड़ा-मझेड़ा सड़क में इन दिनों डामरीकरण का कम किया जा रहा है, जिसमें बाहरी मजदूरों को लगाया गया है। यह मजदूर कुछ ही दिन पूर्व क्षेत्र में आए हैं। इन मजदूरों के डामरीकरण करने की सूचना पर क्षेत्र के लोगों ने सवाल उठाए। जारती के ग्राम प्रधान प्रताप सिंह मेहता ने कहा कि बाहरी मजदूरों के काम में लगे होने से क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में लॉकडाउन के चलते सारे काम बंद हैं, लेकिन कार्यदायी संस्था की मनमानी से डामरीकरण काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि दूसरे प्रदेशों से आए मजदूरों की तत्काल स्वास्थ्य की जांच होनी चाहिए और सड़क में चल रहा डामरीकरण का काम बंद होना चाहिए। ताकि लोगों को कोरोना के खतरे से बचाया जा सके। उधर पीएमजीएसवाई के जेई अंकुर शर्मा का कहना है कि डीएम के आदेश के बाद ठेकेदार को काम बंद करने के निर्देश दे दिए गए थे। अब डामरीकरण बंद करा दिया गया है। ठेकेदार को मजदूरों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश दिए गए हैं।