कौसानी (बागेश्वर)। डीएम अनुराधा पाल ने कौसानी के केंद्रीय विद्यालय (केवि) में पेयजल कमी दूर करने के लिए जल संस्थान के अधिकारियों को प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिए। प्रधानाचार्य प्रधानाचार्य मीना सुयाल के प्रस्ताव पर वहां ओपन जिम स्थापित करने पर भी सहमति जताई गई।
केवि प्रबंधन समिति की बैठक में डीएम ने कहा कि गुणवत्तायुक्त शिक्षा पर पूरा ध्यान दिया जाए। विद्यार्थियों के कौशल विकास पर विशेष ध्यान देने के निर्देश प्रभारी प्रधानाचार्य मीना को दिए। डीएम ने खेल मैदान में बने मंच पर शेड निर्माण और मैदान के किनारे चहारदीवारी का प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश लोनिवि के ईई राजकुमार को दिए। विद्यालय में समय-समय पर स्वास्थ्य शिविर लगाने, विद्यार्थियों पर पैनी नजर रखने, नियमित काउंसलिंग कराने, विधिक साक्षरता शिविर लगवाने के निर्देश दिए।
प्रभारी प्रधानाचार्य मीना ने स्कूल की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। बताया कि विद्यालय में 505 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं जिनमें 307 छात्र, 188 छात्राएं शामिल हैं। गृह परीक्षाएं समाप्त हो गईं हैं। अब एक मार्च से बोर्ड परीक्षाएं शुरू होंगी। नए प्रवेश के लिए ऑनलाइन पोर्टल पर विज्ञप्ति जारी कर दी गई है। बैठक में एसडीएम राजकुमार पांडे, डीडीओ अधिकारी संगीता आर्या, सदस्य केके तिवारी, अवधेश कुमार, नूपुर सचदेवा, किशन सिंह राणा, डॉ. ताहिल सलीम, नीमा सुयाल, मोहित कौशल, वीके सिंह आदि थे।