नेहरू युवा क्लब रावतसेरा की पहल पर जिला पंचायत के सहयोग से आयोजित डॉ. गणेश रावत की स्मृति वॉलीबाल प्रतियोगिता कमस्यार घाटी की टीम ने जीत ली है। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में कमस्यार घाटी की टीम ने रावतसेरा की टीम को 2-0 से पराजित किया।
समापन समारोह में आयोजक मंडल के संरक्षक और पूर्व ग्राम प्रधान सुरेश रावत ने विजेता और उप विजेता टीमों को जिला पंचायत की ओर से उपलब्ध कराई गई नकद धनराशि प्रदान की। इसके अंतर्गत विजेता टीम को 20 हजार रुपए, उप विजेता टीम को 10 हजार रुपए का नकद पुरस्कार और ट्रॉफी भेंट की। उन्होंने युवाओं से अपनी पढ़ाई के साथ ही खेलों पर भी खास ध्यान देने को कहा। रावतसेरा के खेल मैदान में कमस्यार घाटी और रावतसेरा के मध्य वॉलीबाल प्रतियोगिता का बेस्ट ऑफ थ्री का मैच खेला गया।
जिसमें कमस्यार की टीम ने पहला सैट 25-21 और दूसर सैट 25-22 से जीता। मैन ऑफ द मैच खिताब हिमांशु, मैन ऑफ सिरीज खिताब गौरव को दिया गया। रेफरी की भूमिका कुंदन रावत और नीरज बसेड़ा ने निभाई। कमेंट्रेटर महेश रावत, दीपक रौतेला थे। क्लब के अध्यक्ष पुष्पेश रावत ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी का आभार जताया। समापन में ग्राम प्रधान अनिल रौतेला, लाल सिंह, भीम सिंह, गोविंद रावत, डीके रावत, संजय रावत आदि थे।