अधिकारियों की बैठक लेते डीएम सविन बंसल।
- फोटो : amar ujala
कार्यवाहक डीएम सविन बंसल ने शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में विभागीय अधिकारियों की बैठक ली। लोनिवि की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिशासी अभियंता को बरसात से पहले सभी मोटर मार्गों के बंद कलवर्टों को अभियान चलाकर खोलने और नालियों की सफाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्लाइड जोनों को चिन्हित कर उनके आसपास जेसीबी की व्यवस्था के साथ ही मैन पावर की व्यवस्था करने को कहा।
डीएम ने बंद कलवर्ट और नालियों को खोलने से संबंधित रिपोर्ट ईई से सत्यापित कर अधीक्षण अभियंता को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़कों के बंद होने की स्थिति में शीघ्र सड़कों को खोलकर यातायात व्यवस्था चालू रखने को कहा। डीएम ने पीएमजीएसवाई की समीक्षा के दौरान उन्होंने कपकोट में बंद हुए मोटर मार्गों को जल्द से जल्द खोलने के निर्देश दिए। साथ ही क्षतिग्रस्त दीवारों को बरसात से पहले दुरुस्त करने को कहा।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी को ब्लड बैंक में नियमित कार्मिकों की नियुक्ति तक उपनल से तैनाती के लिए शासन को मांग पत्र भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने ब्लड बैंक की समीक्षा करते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी को इसी माह से ब्लड बैंक संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने एंबुलेंस एवं 108 सेवा में तैनात वाहन चालकों के टेलीफोन नंबर आपदा कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराने के साथ ही रेफर रजिस्टर बनाने के को कहा।
डीएम ने आपदा प्रबंधन अधिकारी को जिला स्तरीय तथा तहसील स्तरीय अधिकारियों एवं कार्मिकों के टेलीफोन नंबर रखने के निर्देश दिए। जल निगम व जलसंस्थान की समीक्षा के दौरान शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की किल्लत वाले क्षेत्रों के लिए टैंकरों की व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने ट्रीटमेंट प्लांट में सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ एसएसएस पांगती, सीएमओ डॉ. शैलजा भट्ट, सीएमएम डॉ. एमपी सिंह, जिला विकास अधिकारी केएन तिवारी, एसडीएम एसएस राणा आदि थे।