बागेश्वर। राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण पदक अपने नाम किए। 11 से 15 नवंबर तक आयोजित प्रतियोगिता में जिले की बालिकाओं ने प्रतिभाग किया।
रामनगर में आयोजित प्रतियोगिता में कविता बड़ती ने 75 किलोग्राम भार वर्ग के सीनियर महिला वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया। भूमिका बसेड़ा ने 57 किलोग्राम भार वर्ग के यूथ बालिका वर्ग और अक्षिता थापा ने 80 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग के यूथ बालिका वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। हिमानी बगारी ने 51 किलोग्राम वर्ग में कांस्य जीता। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और मेहनत का प्रदर्शन किया। खेल विभाग, बॉक्सिंग संघ, ओलंपिक संघ ने खिलाड़ियों का स्वागत किया। इस मौके पर विधायक पार्वती दास, नगर पालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल, पूर्व विधायक शेर सिंह गढि़या, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, पूर्व जिपं अध्यक्ष हरीश ऐठानी, उद्योगपति नरेंद्र खेतवाल ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की।
बॉक्सिंग में अल्मोड़ा की बेटियों का दबदबा
अल्मोड़ा। जिले की बेटियों ने रामनगर में आयोजित राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा को लोहा मनवाया। तीन बालिका मुक्केबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो रजत और एक कांस्य पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाया। प्रतियोगिता के यूथ बालिका वर्ग में तनुजा बिष्ट और वंशिका वाल्मीकि ने शानदार मुकाबले खेलते हुए रजत पदक अपने नाम किए। वहीं एलीट महिला वर्ग में श्रेया पनेरू ने कांस्य पदक हासिल किया। तीनों खिलाड़ी खेल विभाग में तैनात कोच संजय अधिकारी से मुक्केबाजी की बारीकियां सीख रहे हैं। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिला बॉक्सिंग संघ के महासचिव गोपाल खोलिया, डीएसओ महेशी आर्या, सहायक प्रशिक्षक विक्रम भंडारी, यशवंत, प्रेम रावत, भूपेंद्र भंडारी सहित खेल प्रेमियों ने खुशी जताई है।