गरुड़। कौसानी के जंगलों में लगी आग कौसानी-बैजनाथ मोटर मार्ग में पहुंच गई है। अभी तक आग पर काबू नहीं किया जा सका है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि समय रहते आग को नहीं बुझाया गया तो यह आबादी वाले क्षेत्रों में भी पहुंच सकती है।
बैजनाथ और गढ़खेत रेंज के अधिकांश जंगल पिछले कई दिनों से आग से धधक रहे हैं। वन विभाग की टीम आग को नहीं बुझा पा रही है। जंगलों में भड़की आग को देखते हुए गांव की महिलाओं ने आबादी से लगे जंगलों से पिरुल हटा लिया है। दूर दराज के जंगल अभी भी आग से धधक रहे है। कौसानी के जंगलों की आग कौसानी मोटर मार्ग तक पहुंच गई है। वन पंचायत सीमा के सरंपच दिनेश लोहनी, लौबांज के पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य बहादुर सिंह कोरंगा ने वन विभाग से कौसानी बैजनाथ मोटर के आसपास लगी आग को शीघ्र बुझाने की मांग की है। ब्यूरो
जंगलों की आग के धुएं से दमा के मरीजों की परेशानी बढ़ी
गरुड़ (बागेश्वर)। जंगलों में लगी आग का धुआं नगर में फैलने से लोगों को भी सांस लेने में परेशानी हो रही है। जंगल की आग का धुंआ नगर क्षेत्र में फैलने से लोगों को सांस लेने में दिक्कतें हो रही है। आग के धुएं से दमा के मरीज परेशान हैं। मोहन सिंह मेहता सीएचसी बैजनाथ के प्रभारी एसएस गुंज्याल ने बताया कि गर्मी का सीजन होने के बावजूद अस्पताल में हर रोज औसतन दो दमा के मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। उन्होंने दमा के मरीजों को से धुएं से बचने की सलाह दी है। ब्यूरो