अल्मोड़ा कौसानी मार्ग में बाबरी के निकट खाई में गिरी जीप।
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली से गरुड़ की तरफ जा रही एक बोलेरो जीप सोमेश्वर और कौसानी के बीच बाबरी के निकट दुर्घटनाग्रस्त होकर 40 फुट नीचे नदी में जा गिरी। इसे चमत्कार ही माना जा रहा है कि चालक के नियंत्रण खोने के बावजूद बोलेरो बगैर पलटे नदी तक पहुंच गई और नदी में पहुंचने के बाद धीमे से पलटी जिससे बोलेरो में सवार सभी आठ यात्री सकुशल बच गए। उन्हें अस्पताल तक ले जाने की नौबत नहीं आई।
जानकारी के मुताबिक बोलेरो जीप संख्या यूके 02 टीए 1666 दिल्ली से गरुड़ की तरफ आ रही थी। अल्मोड़ा-कौसानी मोटर मार्ग पर सोमेश्वर से आगे बाबरी नामक स्थान पर चालक नियंत्रण खो बैठा और
जीप सड़क से 40 फुट नीचे नदी की ओर जाने लगी। संयोग से जीप नदी तक पहुंचने तक कहीं नही पलटी। नदी में पहुंचने के बाद जीप धीरे से पलटी जिससे किसी यात्री को खरोंच तक नहीं आई। घटना की जानकारी मिलने पर सोमेश्वर थाने से एसआई भूपेंद्र मेहता, कांस्टेबल मनीष गोस्वामी आदि मौके पर पहुंचे और उन्होंने यात्रियों को दूसरे वाहन से गरुड़ को भेज दिया। जीप में चालक मदन गिरि के अलावा सुरेंद्र गिरि, प्रताप सिंह, धीरज जोशी, विमला देवी, गोपाल गिरि समेत गरुड़ निवासी आठ लोग सवार थे। दुर्घटना के बावजूद सही सलामत रहे सभी यात्रियों ने भगवान को धन्यवाद दिया।