शनिवार सुबह शरण गांव के समीप पहाड़ी से मलबा आने से बंद हुई कपकोट-कर्मी सड़क रविवार दूूसरे दिन भी नहीं खुल सकी है। पीएमजीएसवाई ने सड़क खोलने के लिए जेसीबी मशीन तो लगा रखी है, लेकिन मौसम के साथ नहीं देने के कारण इस काम में बाधा आ रही है।
सड़क नहीं खुलने से मल्ला दानपुर क्षेत्र के लोगों को कई परेशानियां झेलनी पड़ रही है। कोई जनप्रतिनिधि भी नहीं पहुंच सका है। शनिवार को भारी बारिश से कपकोट-कर्मी सड़क के शरण गांव के समीप पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा भर गया।
सड़क बंद होने से मल्ला दानपुर के गांवों का तहसील और ब्लॉक से संपर्क कटा हुआ है। क्षेत्र में जरूरी सामान भी नहीं जा पा रहा है। सड़क पर कई वाहन फंसे हुए हैं। लोग जान हथेली में रखकर मीलों पैदल सफर करने को मजबूर हैं।
पीएमजीएसवाई के ईई गंगा सिंह चुफाल ने बताया कि सड़क खोलने के जेसीबी मशीन लगी है। मौसम के साथ न देने से सड़क खोलने में बांधा आ रही है। मौसम अनुकूल रहने पर 22 मई को सड़क पर यातायात सुचारु हो जाएगा। इधर एसडीएम वीरेंद्र बिष्ट ने पीएमजीएसवाई के ईई को सड़क खोलने के निर्देश दिए हैं।