चट्टानें खिसकने से बंद कपकोट-सूपी मोटर मार्ग 14 दिन बीतने के बाद भी नहीं खुल पाया है। सड़क बंद होने से क्षेत्रवासियों को पैदल आवाजाही करनी पड़ रही है। गुस्साए ग्रामीणों ने एक सप्ताह के भीतर सड़क नहीं खुलने पर तहसील मुख्यालय में धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।
दो सप्ताह पूर्व मूसलाधार बारिश के दौरान कपकोट-सूपी मोटर मार्ग में चट्टानें खिसक गई थीं। इससे एक स्थान पर सड़क पूरी तरह से धंस गई है, जबकि एक स्थान पर बोल्डर सड़क पर पड़े हैं। हालात यह हैं कि लोगों के पैदल आने-जाने लायक भी स्थान नहीं है। कई वाहन सूपी की ओर फंसे हुए हैं। सामाजिक कार्यकर्ता पुष्पा टाकुली और ग्राम प्रधान यशपाल टाकुली ने बताया कि कई बार पीएमजीएसवाई के अधिकारियों से कहने के बाद भी सड़क नहीं खोली जा रही है। सड़क बंद होने से ग्रामीण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। उन्हें जरूरी सामान पीठ पर ढोना पड़ रहा है।
किसी के बीमार होने पर अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था भी नहीं है। चेतावनी दी है कि यदि विभाग एक सप्ताह के भीतर मार्ग पर यातायात सुचारु नहीं किया गया तो तहसील कार्यालय में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इधर, जिला आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक मलबा आने से जिले में कौसनी-भतेड़िया सहित छह मोटर मार्ग बंद पड़े हैं।
सड़क पर चट्टानें आई हैं। पहाड़ी से लगातार पत्थर गिर रहे हैं। शुक्रवार को जेई को मौके पर भेजकर स्थिति की जानकारी ली जाएगी। यदि मौसम अनुकूल रहा तो दो दिन में सड़क को आवाजाही के लायक बना दिया जाएगा। - पीसी जोशी, ईई, पीएमजीएसवाई।