कपकोट-दूणी-सुकुंडा सड़क के निर्माण में लगी जेसीबी की चपेट में आने से नगर पंपिंग योजना रविवार को ह्यूंटी के पास ध्वस्त हो गई। इससे पानी की आपूर्ति ठप हो गई। नलों में पानी नहीं आने से नगर और ग्राम पंचायत के लोगों में पानी को लेकर हाहाकार मचा है।
नजदीक में पानी के अन्य स्रोत नहीं होने से लोगों को सरयू के दूषित पानी का सहारा लेने को मजबूर होना पड़ रहा है। ग्राम प्रधान पूरन कपकोटी और पूर्व उप प्रधान महिमन कपकोटी ने पेयजल संस्थान से पाइपों को जोड़कर शीघ्र आपूर्ति करने को कहा है। ग्रामीणों ने आपूर्ति शीघ्र न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
वहीं, ग्राम पंचायत जाखनी के अनुसूचित जाति बस्ती में गत 25 दिन से पानी की आपूर्ति ठप पड़ी है। गांव के एकमात्र धारे में पानी भरने वालों का तांता लगा हुआ है। बीडीसी सदस्य जोगा सिंह मेहता ने बताया कि रतघर में पानी का एक और स्रोत है उसमें भी पानी कम होने के कारण लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
जाखनी के लिए बनी लाइन में बारिश के दिनों में कीड़े आ रहे हैं। दूषित पानी से बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है। उन्होंने पेयजल संस्थान से टंकी की शीघ्र सफाई करके उसमें दवा डालने की मांग की है।