काफलीगैर तहसील क्षेत्र के झिरौली मैग्नेसाइट फैक्ट्री के आसपास के 170 रसोई गैस के उपभोक्ताओं को अब रसोई गैस एजेंसी के जरिए गैस की आपूर्ति होगी। पहले इस क्षेत्र के उपभोक्ताओं को अल्मोड़ा की एजेंसी से आपूर्ति होती थी। शासन के निर्देश पर केएमवीएन ने लिए इस निर्णय से उपभोक्ताओं में खुशी का माहौल है। मालूम हो कि काफलीगैर तहसील में स्थित मैग्नेसाइट फैक्ट्री के आसपास के 170 रसोई गैस के उपभोक्ताओं को अल्मोड़ा से जोड़ा गया था।
वहां से गैस की नियमित आपूर्ति नहीं होने के कारण उपभोक्ताओं को कई परेशानियां झेलनी पड़ रही थी। बीडीसी सदस्य भूपाल सिंह रौतेला ने इस क्षेत्र के उपभोक्ताओं को बागेश्वर की एजेंसी से गैस उपलब्ध कराने की मांग उठाई थी। समस्या को प्रमुखता से लेकर शासन ने केएमवीएन के अधिकारियों को उपभोक्ताओं को बागेश्वर की एजेंसी के जरिए गैस की आपूर्ति कराने के निर्देश दिए।
बीडीसी सदस्य रौतेला ने बताया कि इस लंबित मांग के पूरी होने से अब क्षेत्र के लोगों को गैस के लिए अल्मोड़ा की दौड़ भाग से मुक्ति मिल गई है। उन्होंने रसोई गैस एजेंसी बागेश्वर को पूरा सहयोग देने को कहा है।