24 फरवरी से हल्द्वानी में शुरु हो रहे खली मेघा शो को देखने के लिए जहां एक ओर लोगों को जेब ढीली करनी पड़ेगी वहीं बागेश्वर के 200 लोग यह शो फ्री में देख सकेंगे। बागेश्वर से हल्द्वानी ट्रेवलिंग और शो में आने वाला पूरा खर्चा बागेश्वर के जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी और कपकोट के विधायक ललित फर्स्वाण उठाएंगे।
मालूम हो कि कुमांऊ में पहली बार हो रही रेसलिंग को लेकर लोगों में खासा उत्साह बना हुआ है। खासकर छात्र, युवा वर्ग को रेसलिंग में खासी दिलचस्पी है। ग्रेट खली का शो देखने के लिए युवाओं के उत्साह को देखते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी और कपकोट के विधायक ललित फर्स्वाण ने जनपद के दो सौ युवाओं को अपने खर्च पर शो दिखाने का निर्णय लिया है।
इसके तहत बागेश्वर नगर में बकायदा इसका प्रचार भी किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि युवाओं को 24 फरवरी की सुबह बागेश्वर से हल्द्वानी के लिए रवाना होंगे। हल्द्वानी जाने वाले युवाओं के भोजन और ठहरने की व्यवस्था भी की गई है। उन्होंने खेल के शौकीनों से हल्द्वानी पहुंचने का आहवान किया।