बुनियादी समस्याओं को लेकर महिलाओं का कर्मी गांव में चल रहा क्रमिक अनशन सोमवार को छठे दिन भी जारी रहा। आंदोलन स्थल पंचायत घर में हुई सभा में वक्ताओं ने प्रशासन पर उनकी मांगों की उपेक्षा का आरोप लगाया। धमकी दी कि यदि लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान न हुआ तो आंदोलन और भी तेज किया जाएगा।
वक्ताओं ने कहा कि गांव के अनेक हिस्सों का विद्युतीकरण नहीं किया गया है। गांव आज तक दूरसंचार की सुविधा से वंचित हैं। पानी की भी उचित व्यवस्था नहीं है। सड़क जर्जर है, सड़क निर्माण में प्रभावित किसानों को आज तक मुआवजा नहीं मिला है।
सोमवार को क्रमिक अनशन पर गोविंदी देवी, आनंदी, पुष्पा, ऊषा, चंद्रा, खिमुली और खकौती देवी बैठीं। सभा की अध्यक्षता ग्राम प्रधान महिपाल राम और संचालन स्वरूप सिंह कर्म्याल ने किया। वहां नारायण सिंह कर्म्याल, प्रकाश सिंह, टिकर सिंह, गंगा सिंह, मान सिंह, जगत सिंह, बलवंत सिंह आदि थे।