कपकोट पुल पर लग रहे जाम से सब परेशान।
- फोटो : amar ujala
हिचौड़ी बाजार में पिंडारी सड़क के कपकोट पुल के पास रोजाना जाम लगना आम सी बात हो गई है। इस कारण लोगों दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई बार तो 108 सेवा के अलावा वीआईपी गाड़ियां भी जाम फंस जाती हैं। लोगों ने पुलिस से पुल पर पर्याप्त बंदोबस्त करने की मांग की है।
बता दें कि कपकोट पुल से एक सड़क कर्मी और बदियाकोट, दूसरी भराड़ी जबकि तीसरी सड़क बागेश्वर की ओर जाती है। सड़क पर रोजाना करीब दो हजार छोटे-बड़े वाहन चलते हैं। टैक्सी स्टैंड नहीं होने से टैक्सियां भी पुल के पास सड़क पर ही खड़ी रहती हैं।
इसके अलावा क्षेत्र के अधिकांश स्कूल, कॉलेजों, पॉलीटेक्निक को आने-जाने का भी यही रास्ता है। इससे दिनभर यहां जाम की स्थिति बनी रहती है। व्यापारियों और नागरिकों ने मांग की है कि जाम से निजात पाने के लिए सड़क का और चौड़ीकरण किया जाए।
इसके अलावा टैक्सी स्टैंड का निर्माण कराने की भी मांग की है। साथ ही तिराहे पर यातायात पुलिस की तैनाती की भी मांग की है। मांग करने वालों में व्यापारियों में राजा शाही, तारा शाही, प्रकाश मेहता, हयात सिंह कपकोटी, जोगा सिंह फर्स्वाण, शेर सिंह बिष्ट और दिनेश शाही आदि शामिल हैं।