अरुणाचल में तैनात बागेश्वर निवासी आइटीबीपी के सूबेदार की हार्ट अटैक से मौत हो गई है। उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव चौनाला लाया जा रहा है। उनके निधन का समाचार सुनने के बाद परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
मिली जानकारी के अनुसार कांडा तहसील के चौनाला गांव निवासी सूबेदार नंदन सिंह (45) पुत्र प्रेम सिंह आइटीबीपी में अरुणाचल में तैनात थे। बुधवार को आइटीबीपी के अधिकारियों ने फोन से परिजनों को हार्ट अटैक से उनके निधन की सूचना दी। सूचना मिलते ही उनके घर में कोहराम मच गया।
जानकारी मिलने पर कांडा के तहसीलदार मैनपाल सिंह ने चौनाला गांव पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी। मृतक सूबेदार नंदन सिंह के घर में बूढ़ी माता, पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं। उनकी बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है।
तहसीलदार के अनुसार सूबेदार का पार्थिव शरीर अरुणाचल से लाया जा रहा है, जो कि बृहस्पतिवार की देर रात या शुक्रवार तक उनके पैतृक गांव पहुंचेगा। सूबेदार नंदन सिंह के निधन का समाचार सुनने के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।