बागेश्वर। गागरीगोल से तिलसारी के बीच बनी सड़क के निर्माण में अनियमितताओं की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। समिति को अनियमितताओं की जांच कर एक सप्ताह में आख्या देने के निर्देश दिए गए हैं।
19 नवंबर को तिलसारी, नरग्वाड़ी, थापल, चनोली, दिगोली, रामपुर की ओर से ग्राम पंचायत तिलसारी और नरग्वाड़ी के प्रधान ने संयुक्त हस्ताक्षरित पत्र प्रशासन को सौंपा था। पत्र में कहा गया था कि गागरीगोल और तिलसारी के बीच वर्ष 2017 में 10 किमी लंबी सड़क का निर्माण किया गया है। सड़क निर्माण के दौरान अनियमितता बरती गई है।
प्रभारी एडीएम राकेश चंद्र तिवारी ने एसडीएम गरुड़ को अध्यक्ष, बागेश्वर खंड के लोनिवि और पीएमजीएसवाई के ईई को सदस्य बनाया है। प्रभारी एडीएम तिवारी ने समिति को सड़क के निर्माण कार्य में बरती गई अनियमितताओं की जांच कर एक सप्ताह में आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।