। विश्व प्रसिद्ध पर्यटक स्थल कौसानी में अंतरराष्ट्रीय योग शिविर शुरू हो गया है। शिविर का आयोजन मलेशिया की संस्था योगशक्ति एवं बुरांश रिट्रीट के सौजन्य से द बुरांश रिट्रीट कौसानी में किया जा रहा है। शिविर में मलेशिया, न्यूयार्क, सिंगापुर, जापान, चीन, ब्रिटेन, नार्वे, स्वीडन आदि देशों के 16 महिलाएं और दो पुरुष भाग ले रहे हैं। शिविर तीन मार्च तक चलेगा।
पहली बार कौसानी पहुंचे विदेशी योग साधक हिमालय दर्शन से अभिभूत नजर आए। एक सप्ताह तक चलने वाले इस शिविर में भारतीय योग के महत्व, योगाभ्यास के साथ ही साधना भी की जाएगी। दिल्ली की संस्था शकुंतला स्पाइनल केयर सेंटर द्वारा आयुर्वेदिक पंचकर्म, मड बॉथ, शिरोधारा आदि विधियों से भी उपचार किया जाएगा। शिविर का शुभारंभ योगशक्ति एवं बुरांश रिट्रीट संस्था के निदेशक थ्रीश कपूर ने किया।
शिविर के पहले दिन सेंटर की डॉ. वंदना और डॉ. आर्यतका ने प्रतिभागियों को आयुर्वेद , पंचकर्म , आयुर्वेदिक औषधियों के बारे में जानकारी दी। योग शिविर में मैडम लिने और स्नेहा योग सिखाएंगी। योग शिविर के उद्घाटन अवसर पर द रिट्रीट में पंचकर्म और स्पा की सुविधाओं का संचालन का शुभारंभ भी किया गया। संचालकों ने बताया कि योग शिविर में शाम के समय सत्संग का आयोजन भी होगा। इस आयोजन में स्थानीय जनता भी प्रतिभाग कर सकती है।