कपकोट में पोस्टआफिस का कामकाज निपटाते नगरगड़ा के पोस्टमास्टर गोविंद सिंह। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर/कपकोट। विकासखंड कपकोट के दूरदराज के इलाकों के लिए डिजिटल इंडिया का नारा बेकार साबित हो रहा है। कपकोट के फरसाली पट्टी में पिछले सप्ताह से संचार नेटवर्क काम नहीं कर रहा है। नरगड़ा, गुलेर के शाखा डाकघरों में तैनात पोस्टमास्टर समेत इलाके के सभी लोग 20 किमी दूर कपकोट आकर इंटरनेट संबंधी कार्य निपटा रहे हैं।
किरौली, झोपड़ा, गुलेर, खर्ककानातोली, भैसूड़ी कुटेर, फरसाली पल्ली, फरसाली वल्ली, नरगड़ा, गुलम परगड़ की संचार सेवा बाधित है। इससे करीब 15 हजार की आबादी दुष्प्रभावित है। इलाके के लोगों को सबसे बड़ी दिक्कत रसोईगैस सिलिंडर की बुकिंग में आ रही है क्योंकि रसोई गैस की मैनुअल बुकिंग नहीं हो रही है। लोग मनोरंजन के लिए व्हाट्सएप, फेसबुक, ट्वीटर आदि सोशल मीडिया का उपयोग नहीं कर पा रहे हैं। कोरोना काल में ऑनलाइन पढ़ाई के बड़े-बड़े दावे हो रहे हैं लेकिन फरसाली क्षेत्र के विद्यार्थी इससे भी वंचित हैं। शनिवार को नरगड़ा के पोस्टमास्टर गोविंद सिंह कपकोट में एक मोबाइल शॉप की दुकान के भीतर डाकघर का कामकाज निपटाते दिखे। उन्होंने बताया कि संचार सेवा के लिए 20 किमी दूर कपकोट आना पड़ रहा है। फरसाली वल्ली के प्रधान भूपाल सिंह कोरंगा का कहना है कि उन्होंने बीएसएनएल के अधिकारियों के सामने कई बार मामला उठाया है लेकिन संचार सेवा नहीं सुधारी जा रही है। आए दिन संचार सेवा बाधित होने से लोगों को परेशानी हो रही है।
शनिवार दोपहर करीब सवा दो बजे फरसाली का मोबाइल टॉवर चालू कर दिया गया था लेकिन हरसिला के पास कपकोट जाने वाली ओएफसी कट गई। ओएफसी की मरम्मत की जा रही है।
- हेमंत जोशी, जेटीओ, बीएसएनएल, बागेश्वर।