बागेश्वर में ब्लॉक प्रमुख और जिला पंचायत चुनाव तैयारी की समीक्षा करतीं डीएम रंजना राजगुरु।
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। जिला कार्यालय सभागार में शनिवार को चुनाव से जुड़े अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) रंजना राजगुरु ने विभागीय अधिकारियों को त्रिस्तरीय सामान्य निर्वाचन के जिला पंचायत अध्यक्ष/उपाध्यक्ष, क्षेत्र पंचायतों के प्रमुखों, ज्येष्ठ उप प्रमुखों, कनिष्ठ उप प्रमुखों के चुनाव को सफलापूर्वक, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण कराने के निर्देश दिए।
बैठक में सभी अधिकारियों से अपने कर्तव्य का निर्वहन ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ करने को कहा। चुनाव प्रक्रिया के दौरान हाईकोर्ट और राज्य निर्वाचन आयोग से जारी सभी निर्देशों का पालन भी करवाने के निर्देश दिए। चुनाव कार्यालय में सीसीटीवी लगवाने और निर्वाचन प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराने के भी निर्देश दिए। बताया कि आयोग के निर्देशानुसार जनपद स्तर पर शिकायत सेल का गठन किया गया है। सीडीओ एसएसएस पांगती को इसका नोडल अधिकारी बनाया गया है। इसके अलावा जिला व ब्लाक स्तर पर कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। जिनमें चुनाव संबंधी शिकायत दर्ज की जाएगी।
बैठक में बताया गया कि सभी उपजिलाधिकारियों ने अपने कार्यक्षेत्र में आने वाले निर्वाचन क्षेत्र में धारा 144 लागू कर दी है। बैठक में एसपी प्रीति प्रियदर्शनी, सीडीओ/उप जिला निर्वाचन अधिकारी एसएसएस पांगती, एडीएम राहुल कुमार गोयल, डीडीओ केएन तिवारी, एसडीएम बागेश्वर राकेश चंद्र तिवारी, कपकोट प्रमोद कुमार, गरुड़ जयवर्धन शर्मा, कांडा योगेंद्र सिंह, डीआरडीए की एपीडी शिल्पी पंत, डीएसओ अरुण कुमार वर्मा, एसई लोनिवि पीएस बृजवाल आदि मौजूद थे।