बागेश्वर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव जयेंद्र सिंह ने वरिष्ठ औषधि निरीक्षक को दूर-दराज के इलाकों की कैमिस्ट की दुकानों और जनरल स्टोरों का समय-समय पर औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। कार्रवाई की सूचना जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय में उपलब्ध कराने को कहा है।
राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण से प्राप्त निर्देश और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष /जिला जज आरके खुल्बे के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव जयेंद्र सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को एक्सपायरी सामग्री की बिक्री की रोकथाम के लिए गठित समिति की ऑनलाइन बैठक हुई। प्राधिकरण के सचिव ने समिति के सदस्यों को खाद्य पदार्थों की बिक्री करने वाली दुकानों, जनरल स्टोरों और होटलों का औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी विपिन कुमार को दीपावली को देखते हुए एक्सपायरी मिठाई और पेय पदार्थों की बिक्री पर रोकथाम लगाने के निर्देश दिए। एक्सपायरी खाद्य पदार्थ बेचने वाले दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा। बैठक में वरिष्ठ औषधि निरीक्षक मीनाक्षी बिष्ट, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. हरीश पोखरिया और अन्य सदस्य शामिल हुए। संवाद