बागेश्वर। डीएम ने सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत बन रही सड़कों के बारे में एजेंसियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सभी निर्माण एजेंसियों को कटिंग से लेकर डामरीकरण तक गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखने के साथ ही मई तक सड़कों का निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
डीएम भूपाल सिंह मनराल ने समीक्षा बैठक में निर्माण कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने बरसात में किसी तरह की दिक्कतों का सामना न करना पड़े, इसके लिए बरसात से पहले ही सड़कों का कार्य पूरा करने को कहा। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा। डीएम ने सड़कों के निर्माण के समय नालियां बनाने को भी कहा।
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता में कमी मिलने पर एजेंसी के अधिकारी, ठेकेदार जिम्मेदार होंगे। बैठक में मौजूद जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी, कपकोट के विधायक ललित फर्स्वाण ने निर्माणाधीन, निर्मित, क्षतिग्रस्त मार्गों पर चर्चा करते हुए कार्यदायी संस्थाओं को कमियां गिनाई। बैठक में बीस सूत्रीय कार्यक्रम के उपाध्यक्ष भुवन पाठक सहित सभी निर्माण एजेंसियों के अधिकारी मौजूद थे।