बागेश्वर। सोमवार सुबह जिले के विभिन्न हिस्सों में मूसलाधार बारिश हुई। बारिश से जनजीवन पर बुरा असर पड़ा। तेज बारिश से सरयू, गोमती का जलस्तर बढ़ गया है। एसडीएम श्याम सिंह राणा ने संगम पर पहुंचकर लोगों को नदियों के नजदीक तक न जाने की हिदायत दी। कुलूर नदी का जलस्तर बढ़ने से धौलियापाटा गांव के पास भारी भूस्खलन हो गया। इससे वहां मोटर पुल की सुरक्षा पर खतरे के बादल मंडरा गए हैं।
सोमवार सुबह जिले के विभिन्न हिस्सों में मूसलाधार बारिश हुई। बारिश से बागेश्वर-पिंडारी सड़क, जजी-जौलकांडे-शीशाखानी, बागेश्वर-अमसरकोट, अग्रणी चीराबगड़-पोथिंग, भानी-हरसिंग्याबगड़ सड़क के विभिन्न हिस्सों में मलबा भर गया है। पिंडारी सड़क के हरसीला की पहाड़ी से लगातार पत्थर गिर रहे हैं।
क्षेत्र के लोगों ने जिला प्रशासन से सड़कों पर आया मलबा शीघ्र हटाने के लिए लोनिवि को निर्देश देने को कहा है। कुलूर नदी का जलस्तर बढ़ने से धौलियापाटा गांव में भारी भूस्खलन हो गया है। भूस्खलन से पुल की सुरक्षा पर खतरे के बादल मंडराने लगे हैं। भूस्खलन से हाइटेंशन लाइन को भी खतरा हो गया है। ग्राम प्रधान सुरेश बनाई ने शासन-प्रशासन से सुरक्षा के शीघ्र इंतजाम करने की मांग की है।