बागेश्वर कोतवाली में अभिलेखों का निरीक्षण करते आईजी कुमाऊं अजय रौतेला। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं अजय रौतेला ने पुलिस कार्यालय, कोतवाली और जिला नियंत्रण कक्ष का वार्षिक निरीक्षण किया। उन्होंने थाने में मौजूद पुलिस कर्मचारियों से असलहों की हैंडलिंग करवाई। पुलिस को आम जन की समस्याओं के निदान, अपराधों की रोकथाम और बाहरी लोगों का अनिवार्य रूप से सत्यापन कराने के निर्देेश दिए।
बृहस्पतिवार शाम आईजी ने पुलिस कार्यालय परिसर का मुआयना कर निर्माणाधीन कार्य, प्रधान लिपिक, आंकिक, गोपनीय, डीसीआरबी और वाचक शाखा का निरीक्षण किया। विभिन्न शाखाओं के अभिलेख और पत्रावलियों की जांच कर कार्मिकों को पेंशन और अन्य लंबित प्रकरणों का जल्द निपटारा करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस कर्मचारियों के कल्याण के कार्यों और थाने के बैरकों के उच्चीकरण के लिए जल्द कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने कोतवाली, जिला नियंत्रण कक्ष और एलआईयू शाखा का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्हें की पुलिस की टुकड़ी ने सलामी दी।
आईजी ने कोतवाली में असलाह, कारतूस और आपदा प्रबंधन उपकरणों का निरीक्षण किया। थाना कार्यालय, बैरक, भोजनालय, हवालात, मालखाना का मुआयना करते हुए रोकड़ बही, अपराध रजिस्टर, ड्यूटी रजिस्टर आदि का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दस्तावेजों के रखरखाव को लेकर सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए। इस दौरान एसपी अमित श्रीवास्तव, पुलिस क्षेत्राधिकारी विपिन चंद्र पंत, शहर कोतवाल डीआर वर्मा आदि मौजूद थे।