बारिश के बाद भूस्खलन और मलबे से लगातार नुकसान ही खबर आ रही है। जिले में बारिश के बाद सात और मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं। भूस्खलन के बाद गिरे मलबे में दबकर एक मवेशी की मौत हो गई।
बागेश्वर तहसील के डुगरी गांव में रमी राम पुत्र महेश राम का आवासीय मकान क्षतिग्रस्त हो गया। कपकोट तहसील के गोगिना गांव में चंचल सिंह, नारायण सिंह, मदन सिंह, नैन सिंह, नारायण सिंह, दुर्गा सिंह के आवासीय मकान क्षतिग्रस्त हो गए। कपकोट की ही पानुली देवी पत्नी उदय सिंह की बछिया चुगान के लिए जंगल गई थी।
जंगल में एक पहाड़ी से हुए भूस्सखन से भारी मलबा गिरने से मवेशी की मौत हो गई। इधर, कांडा तहसील के स्याकोट में पार्वती देवी पत्नी रमी राम का आवासीय भवन क्षतिग्रस्त हो गया। राजस्व विभाग ने नुकसान का आकलन किया।
जिले में 10 मोटर मार्ग बंद
बारिश के सप्ताह भर बाद भी तमाम बंद मोटर मार्ग नहीं खुल पाई हैं। इससे ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ गई है। मंगलवार तक जिले के 10 मोटर मार्ग बंद थे। इनमें एक मुख्य जिला मार्ग, एक अन्य जिला मार्ग, एक हल्का मोटर वाहन मार्ग और सात ग्रामीण मोटर मार्ग शामिल हैं।
सभी मार्ग कपकोट विकास खंड में शामिल हैं। मार्ग बंद होने से विकास खंड का आंतरिक सड़क संपर्क टूटा है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि कार्यदायी संस्थाएं मार्ग खोलने में जुटी हैं। सड़क पर भारी मलबा और बोल्डर आए हैं।
जिले में बंद सड़कें
भानी-हरसिंग्याबगड़, दूणी-सुकुंडा, भयू-गुलेर, कपकोट-पिंडारी ग्लेशियर मार्ग, सौंग-खलीधार, धरमघर-मझखेत, बागेश्वर-कपकोट, मुनार बैंड-सूूपी, शामा-लीथी-गोगिना, सिमगड़ी मोटर मार्ग।
हरसिंग्याबगड़ में पोल गिरे
भारी बारिश से हरसिंग्याबगड़ फीडर से जुड़े बिजली के दो पोल गिर गए हैं। इससे पिछले 24 घंटे से क्षेत्र में बिजली की आपूर्ति बाधित है। यूपीसीएल ब्रेकडाउन लेकर मरम्मत में जुटा है। क्षेत्रवासियों ने बिजली आपूर्ति जल्द बहाल करने की मांग की है।
सिल्ट से आ रहा गंदा पानी
बारिश के बाद सरयू और गोमती नदी में काफी सिल्ट आ रहा है। इससे पेयजल योजनाओं के फिल्टरेशन का काम प्रभावित हो रहा है। सिल्ट के चलते नलों में मटमैले पानी की आपूर्ति हो रही है। मंगलवार को भी नलों में मटमैला पानी आया। क्षेत्रवासियों ने इसे पीने में इस्तेमाल नहीं किया। लोगों को प्राकृतिक स्रोतों से पेयजल ढोना पड़ा।
बागेश्वर- 2.50 एमएम
कपकोट- 40 एमएम
गरुड़- 5 एमएएम
अगले 48 घंटों का अलर्ट
मौसम विभाग ने बुधवार और बृहस्पतिवार को भारी बारिश की चेतावनी दी है। विभाग के अनुसार कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश हो सकती है। चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने अगले 48 घंटों के लिए अलर्ट जारी कर दिया है। डीएम ने आपदा कंट्रोल रूम को 24 घंटा मुस्तैद रहने को कहा है।