बागेश्वर के जारती गांव में बारिश से क्षतिग्रस्त जसवंत सिंह का मकान। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। दुग नाकुरी तहसील के जारती गांव में बारिश से एक मकान ध्वस्त हो गया। मलबा आने से बंद हुईं सात सड़कों पर अभी तक आवाजाही सुचारु नहीं हुई है।
जारती गांव निवासी जसवंत सिंह पुत्र गोपाल सिंह के आवासीय मकान में पहले से ही दरार पड़ी थी। मकान की कमजोर स्थिति को देखते हुए परिजन हादसे से बचने के लिए पड़ोसी के घर में रह रहे थे। शुक्रवार रात हुई बारिश के दौरान मकान ध्वस्त हो गया। मलबे की चपेट में आकर कई मवेशी चोटिल हो गए। प्रभावित परिवार ने तहसील प्रशासन को सूचना देकर मुआवजा दिलाने की मांग की है।
इधर आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार दोफाड़-पपों-रताईस सड़क, भयूं-गडेरा सड़क, धपोली-जेठाई सड़क, ह्वीलकुलवान सड़क, कपकोट-कर्मी-तोली सड़क, बघर सड़क और रौल्याना-लोहागढ़ी सड़क पर मलबा आने से यातायात ठप है। आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया है कि सड़कों को खोलने के लिए संबंधित विभागों की ओर से जेसीबी लगाई गई हैं। संवाद