गरुड़ (बागेश्वर)। कत्यूर घाटी के प्रसिद्ध कोट भ्रामरी मंदिर मेले के लिए प्रशासन और मेला समिति ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मेले को सुरक्षित और भव्य रूप देने के लिए आयोजित बैठक में 15 सितंबर तक सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए।
इस वर्ष ऐतिहासिक मेला 17 से 19 सितंबर तक आयोजित होगा। एसडीएम वैभव कांडपाल, जिपं अध्यक्ष शोभा आर्या और तहसीलदार निशा रानी की उपस्थिति में हुई बैठक में लोनिवि को 10 से 15 सितंबर तक मार्ग दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। नगर पंचायत गरुड़ को 15 सितंबर से विशेष सफाई अभियान चलाने को कहा गया।
कोतवाल कैलाश नेगी ने बताया कि पूरा मेला क्षेत्र 17 से 19 सितंबर तक जीरो जोन रहेगा। दुकानों के लिए बाहरी व्यापारियों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य होगा। मेले के दौरान मांस, मछली और अंडे की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और 25 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। बैठक में 8 सितंबर को कोट भ्रामरी मंदिर में सर्वदलीय बैठक बुलाने का निर्णय लिया गया। बैठक में जर्नादन लोहुमी, बबलू नेगी, भास्कर बोरा, नंदन अल्मिया आदि रहे।